दमोह शहर की सीमा से सेट पटीशीशपुर गांव में गुरुवार शाम एक विशालकाय अजगर दिखाई देने से राहगीरों में दहशत फैल गई। करीब 5 बजे जंगल वाले हिस्से से भारी-भरकम अजगर धीरे-धीरे सड़क पार कर रहा था। अचानक इतने बड़े अजगर को देखकर लोग घबरा गए और सड़क किनारे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने सुरक्षित दूरी से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही अजगर वापस जंगल की ओर चला गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन इतना बड़ा अजगर पहली बार देखा गया है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जीव को देखने पर पास न जाएँ और तुरंत विभाग को सूचना दें।









