दमोह। हटा थाना क्षेत्र के गौरी शंकर वार्ड निवासी एक महिला ने अपने पटवारी पति पर दहेज की मांग, बंधक बनाकर रखने और दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता शालिनी अहिरवार सोमवार दोपहर हटा थाने पहुंची और एसडीओपी प्रिया सिंधी को आवेदन देकर न्याय की मांग की।
शालिनी ने बताया कि उसकी शादी 4 जुलाई 2025 को देशराज पिता मुन्नालाल अहिरवार (37), हाल निवासी मकरोनिया जिला सागर, के साथ कनारी गांव के मंदिर में हुई थी। पति कर्रापुर सिमरिया, जिला सागर में पटवारी पद पर पदस्थ हैं। विवाह के समय मायके पक्ष ने एक लाख रुपये नगद दिए थे। आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल पक्ष ने 5 लाख रुपये नकद और कार की मांग शुरू कर दी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दहेज न दे पाने पर उसे छह माह तक घर में कैद कर प्रताड़ित किया गया।

पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि पति की पहले से शादी हो चुकी है और यह तथ्य छिपाकर दूसरी शादी की गई। विरोध करने पर पति ने पद का भय दिखाते हुए धमकी दी। एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।









