दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के फुटेरा वार्ड क्रमांक चार में रहने वाले एक पुलिस आरक्षक ने आज रविवार सुबह अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें लेकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
वहीं सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के सम्बद्ध मे आज रविवार शाम मृतक के चचेरे भाई सजल साहू ने बताया कि पुलिस आरक्षक रूपेश साहू सागर जिले चकरा घाट स्थित कोतवाली थाना में पदस्थ थे, जबकि उनकी पत्नी नीता साहू दमोह जिला अस्पताल दमोह में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। दंपती के तीन बच्चे भी हैं।
बताया गया कि रविवार सुबह रूपेश साहू ने घर में ही किसी अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। आत्महत्या का फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है।
बेटे की मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वे बेटे के दोस्तों से गले लगकर फूट-फूटकर रोते नजर आए। पत्नी और अन्य परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं। हालांकि पुलिस मामले के मुख्य कारणों में जुट गई है। जांच के बाद ही घटना के मुख्य कारणों का खुलासा होने की संभावना है।









