दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभानगर में बुधवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभानगर निवासी भूरा खान और बबलू पठान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों परिवारों के सदस्य भी इसमें शामिल हो गए और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बुधवार शाम से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामला कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और बयान के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है, वहीं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।









