एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कोतवाली पहुंचकर मामले की ली जानकारी
दमोह। शनिवार सुबह स्कूल के लिए निकली सरदार पटेल स्कूल की तीन नाबालिग छात्राएं देर शाम तक घर नहीं लौटीं, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही CSP एच.आर. पांडे और TI मनीष कुमार ने टीम के साथ रेलवे स्टेशन, होटल और शहर के अन्य इलाकों में रातभर सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी स्वयं कोतवाली पहुंचे और जांच की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि तीनों छात्राओं के लिए धारा 363 IPC-BNS के तहत FIR दर्ज की गई है। सायबर सेल की जांच में छात्राओं की अंतिम लोकेशन शहर के बस स्टैंड स्थित एक निजी होटल में मिली है, जहां CCTV फुटेज में वे हटा निवासी युवक के साथ दिखाई दी हैं।
यह युवक दिल्ली–हरियाणा में काम करता है और हाल ही में दमोह आया था। पुलिस उसकी कॉल डिटेल्स, लोकेशन और संपर्कों की जांच कर रही है। परिजनों से मिले कुछ अतिरिक्त नंबरों की भी पड़ताल शुरू कर दी गई है।
SP सोमवंशी ने बताया कि अभी बच्चियों के सुरक्षित होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती, लेकिन सुरागों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। कटनी–बीना रूट के सभी रेलवे स्टेशनों और GRP को अलर्ट कर दिया गया है। रात में बंद रही दुकानों के CCTV फुटेज अब दिन में खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने मिली हुई लीड्स को आगे बढ़ाते हुए जांच को तेज कर दिया है।









